दोस्त पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

देहरादून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में अपने ही साथी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 5 जुलाई की है। मुजफ्फरनगर निवासी कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद बालियान के साथ देहरादून घूमने आया था। प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर शिवानंद ने धारदार हथियार से कृष्णा के पेट और जांघ पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल के भाई रजत मलिक की शिकायत पर प्रेमनगर कोतवाली में धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस को सफलता तब मिली जब मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिवानंद बालियान उर्फ शिवा को पौधा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बहस के दौरान गुस्से में आकर उसने अपने साथी पर हमला किया था और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की उम्र 20 वर्ष है और वह गांव सिसौली, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। दून पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!