लक्सर में घर में घुसा मगरमच्छ, वन विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रुड़की: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के डौसनी गांव में शनिवार सुबह एक मगरमच्छ के घर में घुस आने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर खतरनाक वन्यजीव को देखकर परिवार के लोग दहशत में आ गए और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, डौसनी गांव निवासी मदनपाल के घर में अचानक मगरमच्छ दिखाई दिया। परिजनों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तुरंत वन विभाग को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही लक्सर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने बताया कि बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी वन्यजीव के दिखने पर घबराने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें और खुद रेस्क्यू करने की कोशिश न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!