देहरादून: उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने कहा कि नए वक्फ संशोधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रदेशभर में ऐसे मामलों की समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों पर वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे का आरोप है, उन्हें नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है। इसके बाद प्राप्त जवाबों का कानूनी आधार पर परीक्षण किया जाएगा।
शम्स ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो न्यायालय की अनुमति और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। पूरी प्रक्रिया कानून के दायरे में रहकर की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द अधिकारियों के साथ इस विषय पर बैठक कर सकते हैं। बैठक के बाद जिला प्रशासन को अभियान के संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड का मानना है कि प्रशासन और बोर्ड के समन्वय से वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा मजबूत होगी और अवैध कब्जों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी।














Leave a Reply