मसूरी: मसूरी स्थित उप जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आधुनिक एवं सशक्त बनाने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। ओएनजीसी के वित्तीय सहयोग तथा सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान, देहरादून के सहयोग से आयोजित मेडिकल उपकरण वितरण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण समर्पित किए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी के सहयोग से उपलब्ध कराए गए आधुनिक उपकरण अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को नई मजबूती देंगे। इससे मसूरी के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ यहां आने वाले हजारों पर्यटकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय मसूरी में प्रतिदिन करीब 400 मरीजों की ओपीडी संचालित होती है। इसके अलावा हर माह लगभग 35 से 40 सुरक्षित प्रसव कराए जाते हैं। अस्पताल में एक्स-रे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड सहित कई आधुनिक जांच सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार, नए मेडिकल उपकरणों के जुड़ने से मरीजों को आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं और अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे अस्पताल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और गंभीर मरीजों को छोटी-छोटी जांच के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह पहल क्षेत्र की सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने ओएनजीसी और सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस प्रकार के सहयोग से सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होता है और आम लोगों को सीधे इसका लाभ मिलता है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, विजय बिंदवाल, विजय बुटोला, अभिलाष, सचिन, महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, अनिता धनाई, कमला थपलियाल, सपना शर्मा, सीता पंवार, गुड्डी देवी, चिकित्सकगण, अस्पताल प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
















Leave a Reply