मसूरी स्थित उप जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ओएनजीसी के वित्तीय सहयोग और सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान, देहरादून के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा उपकरण समर्पित किए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी के सहयोग से उपलब्ध कराए गए आधुनिक चिकित्सा उपकरण अस्पताल की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ मसूरी आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
अस्पताल प्रशासन ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि उप जिला चिकित्सालय मसूरी में प्रतिदिन करीब 400 मरीजों की ओपीडी संचालित होती है। इसके अलावा अस्पताल में हर महीने 35 से 40 सुरक्षित प्रसव कराए जाते हैं। अस्पताल में एक्स-रे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड समेत कई महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नए मेडिकल उपकरणों के शामिल होने से अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में और सुधार होगा। इससे मरीजों को आधुनिक जांच एवं उपचार सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी और उन्हें बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने ओएनजीसी और सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान के इस जनहितकारी सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस प्रकार की पहल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, अस्पताल प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।














Leave a Reply