देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हेमकुंड साहिब यात्रा के सफल, शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों, स्थानीय नागरिकों और सिख समाज का आभार जताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, अतिथि सत्कार और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें सफल नहीं हो सकीं।
देहरादून में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में महेंद्र भट्ट ने कहा कि हाल ही में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद कुछ असामाजिक तत्वों और राजनीतिक दलों ने प्रदेश का माहौल खराब करने तथा सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास किया। हालांकि, उनके अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार और प्रशासन ने संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ स्थिति को संभालते हुए हालात को सामान्य बनाए रखा।
भट्ट ने कहा कि स्थानीय लोगों, सिख समाज और अन्य समुदायों के सहयोग तथा धैर्य के कारण स्थिति जल्द सामान्य हो गई। उन्होंने दावा किया कि हिंदू और सिख समाज के बीच लंबे समय से चले आ रहे भाईचारे और उत्तराखंड की “अतिथि देवो भव:” की परंपरा को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें नाकाम रहीं।
विपक्ष पर लगाए राजनीतिक लाभ लेने के आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने इस पूरे घटनाक्रम का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए करने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग पंजाब की राजनीति और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड के माहौल को प्रभावित करना चाहते थे, जबकि राज्य के कुछ अन्य दल क्षेत्रीय राजनीति को हवा देकर अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने का प्रयास कर रहे थे।
कांग्रेस के रुख पर भी उठाए सवाल
महेंद्र भट्ट ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की भी आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में कांग्रेस को जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्थिति को सामान्य बनाने में सहयोग करने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी को प्राथमिकता दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि की अस्मिता, सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सरकार आगे भी प्रभावी कदम उठाती रहेगी।
















Leave a Reply