देहरादून: उत्तराखंड तेजी से देश के उभरते हुए विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम तब देखने को मिला, जब देहरादून स्थित हिमाद्रि आइस रिंक में आयोजित 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 में खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 21 राज्यों से 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक और फिगर स्केटिंग जैसी ओलंपिक स्तर की स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल प्राकृतिक पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि शीतकालीन खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि हिमाद्रि आइस रिंक भारत का एकमात्र विश्वस्तरीय आधुनिक इनडोर आइस रिंक है, जो प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आइस स्केटिंग जैसे खेलों को नई पहचान देने के साथ-साथ उत्तराखंड को बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए भी तैयार कर रही हैं। इससे राज्य में खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।
रेखा आर्या ने खिलाड़ियों के हित में राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि खेल प्रतिभाओं को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्न’ नियुक्ति देने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। उनका कहना था कि इन पहलों से खिलाड़ियों को रोजगार की चिंता से राहत मिलेगी और वे पूरी तरह अपने खेल प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
खेल मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को पर्यटन के साथ-साथ एक आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।















Leave a Reply