देहरादून: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-136, गढ़ी कैंट डाकरा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना। यह कार्यक्रम शक्ति केंद्र संयोजक निर्मला भट्ट के आवास पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ आज केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह देश के करोड़ों नागरिकों को जोड़ने वाला एक प्रभावी संवाद मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मंच के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, नवाचार करने वाले युवाओं, किसानों, महिलाओं, वैज्ञानिकों, सामाजिक संगठनों और देश के अनसुने नायकों की प्रेरणादायक कहानियों को पूरे देश तक पहुंचाते हैं।
गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम जनभागीदारी को मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को भी रेखांकित करता है। उन्होंने बताया कि ‘मन की बात’ में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, नवाचार, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरक संदेश दिए जाते हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने और प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, शक्ति केंद्र संयोजक निर्मला भट्ट, बूथ अध्यक्ष तुलसी देवी, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















Leave a Reply