ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कार्रवाई, 120 पेटी अवैध शराब बरामद

देहरादून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक छोटे हाथी वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम द्वारा पांवटा साहिब की ओर से आ रहे संदिग्ध वाहन को चेकिंग के दौरान रोका गया। वाहन में सवार व्यक्तियों से जब माल के संबंध में पूछताछ की गई तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे पुलिस को शक हुआ।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें से 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब “9 वन मेक चंडीगढ़ मार्का व्हिस्की” बताई जा रही है, जिसे अवैध रूप से सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।

मौके से पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान जय सिंह, अमित कुमार और मंजीत के रूप में हुई है। तीनों आरोपी हरियाणा के भिवानी और चरखी दादरी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब यह जांच की जा रही है कि यह शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।

देहरादून पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार नशा और अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!