उत्तराखंड के रुड़की स्थित भगवानपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। हाल्लूमजरा चौक पर 28 वर्षीय युवक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले रुड़की के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन देहरादून रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
सामान लेने पहुंचे युवक पर किया गया हमला
पुलिस के अनुसार, भगवानपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम निवादा निवासी 28 वर्षीय मुफीद पुत्र मतलूब बाइक से हाल्लूमजरा चौक सामान खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और धारदार चाकू से पेट पर कई वार कर दिए। हमले में मुफीद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को रुड़की के आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे देहरादून रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मुफीद ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को रुड़की सिविल अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
रिश्तेदारी के एंगल की भी जांच
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि हमलावर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उनका मृतक से रिश्तेदारी का संबंध भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान
सीओ सुमित पांडे ने बताया कि युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
















Leave a Reply