देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में उस समय प्रशासन सतर्क हो गया जब हेमकुंड साहिब जा रहे निहंगों के एक जत्थे ने हिमाचल–उत्तराखंड सीमा पर लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए प्रेमनगर क्षेत्र तक प्रवेश कर लिया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
बॉर्डर पर पहले से तैनात थी पुलिस फोर्स
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल्हाल बॉर्डर पर सुबह से ही भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन लगातार निहंगों के अलग-अलग समूहों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहा था।
अधिकांश जत्था पोंटा साहिब रुकने पर हुआ सहमत
एसएसपी के अनुसार, बातचीत के दौरान अधिकांश निहंग समूह प्रशासन की बात मानते हुए पोंटा साहिब में ही रुकने पर सहमत हो गए थे। लेकिन करीब 15 से 20 लोगों का एक छोटा समूह अचानक बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ गया और प्रेमनगर तक पहुंच गया।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, हालात पर नजर
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। एसएसपी डोभाल ने साफ किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है और जल्द ही उचित निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।















Leave a Reply