देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, सौर ऊर्जा परियोजनाओं और आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए लगभग ₹42 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से राज्य के कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ की धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा बौन में स्थित श्री हयॉ गुरुदेव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण और चारदीवारी निर्माण के लिए ₹85 लाख की स्वीकृति दी है। इसके अलावा अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु ₹50.08 लाख मंजूर किए गए हैं।
हरिद्वार जिले की पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के मेवड़ नागड़ स्थित श्मशान घाट में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले के मझाड़ा और कार्लीगाड़ क्षेत्र के 14 प्रभावित परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में रखने हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.36 लाख स्वीकृत किए हैं। इन परिवारों को प्रति माह ₹4,000 की दर से सहायता प्रदान की जाएगी।
उधम सिंह नगर जिले की किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-लालपुर मोटर मार्ग से इंदरपुर (अम्बेडकर कॉलोनी) तक सड़क के पुनर्निर्माण के लिए ₹85.49 लाख की मंजूरी दी गई है।
प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने शासकीय भवनों पर 5.5 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट स्थापित करने हेतु ₹35.24 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹14.10 करोड़ जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा विभिन्न जनपदों के सार्वजनिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट और सोलर हाई मास्ट लगाने के लिए ₹38 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹15.20 करोड़ जारी किए जाएंगे। वहीं उरेडा के माध्यम से सरकारी भवनों पर सोलर वाटर हीटर संयंत्र लगाने के लिए ₹6.76 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किश्त के तौर पर ₹2.70 करोड़ जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विकासखंड स्थित आदि कैलाश मंदिर क्षेत्र में बाहरी मार्ग और अन्य सुविधाओं के निर्माण हेतु ₹3.28 करोड़ की मंजूरी भी प्रदान की है। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसके साथ ही चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए ₹4.38 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों को राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















Leave a Reply