धामी सरकार की बड़ी सौगात: मात्र 3 लाख रुपये में मिलेगा आधुनिक फ्लैट, रुद्रपुर बागवाला में 1872 EWS आवास तैयार

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए बड़ी आवासीय सौगात दी है। रुद्रपुर के ग्राम बागवाला में बन रही 1872 फ्लैटों वाली राज्य की सबसे बड़ी आवासीय परियोजनाओं में से एक अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

इस योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास मात्र 3 लाख रुपये में उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट की कुल लागत लगभग 6 लाख रुपये है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की ओर से 1.5-1.5 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप और सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की सतत निगरानी में इस परियोजना को तेजी से पूरा किया गया है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी जाएंगी।

परियोजना के तहत कुल 1872 आवासों का निर्माण किया गया है, जिनमें से 832 फ्लैट पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि 512 फ्लैटों में अंतिम चरण का कार्य जारी है। यह परियोजना जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (ऊधम सिंह नगर) द्वारा संचालित की जा रही है।

करीब 6.02 हेक्टेयर भूमि पर विकसित इस आवासीय परिसर में 23 बहुमंजिला ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक फ्लैट में एक बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, बाथरूम और बरामदा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही भूकंपरोधी संरचना, चौड़ी सड़कें, पार्किंग और स्वच्छ पेयजल जैसी आधुनिक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

परियोजना में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), हरे-भरे पार्क और बच्चों के खेल क्षेत्र विकसित किए गए हैं, जिससे यह एक आधुनिक और टिकाऊ आवासीय कॉलोनी बन सके।

आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटर आधारित लॉटरी सिस्टम अपनाया जाएगा। इसके लिए लाभार्थियों का प्रधानमंत्री आवास योजना पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा और वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि यह परियोजना हजारों परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र परिवार को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!