रुड़की: मंडावली गांव में भूमि कब्जे का मामला सामने आया है। गांव की ग्राम प्रधान संदेश ने एक दवा निर्माण कंपनी पर बंजर भूमि और सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर कथित कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने रुड़की के जॉइंट मजिस्ट्रेट को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान संदेश का आरोप है कि गांव में संचालित एक दवा कंपनी ने खेती योग्य भूमि खरीदने के बाद फैक्ट्री का निर्माण कराया। निर्माण कार्य के दौरान कंपनी द्वारा बंजर भूमि के एक हिस्से पर भी कब्जा कर लिया गया। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री के समीप से गुजरने वाली नाली की भूमि पर भी निर्माण कार्य किया गया है, जिससे सरकारी और सार्वजनिक भूमि प्रभावित हुई है।
मामले को गंभीर बताते हुए ग्राम प्रधान ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम और क्षेत्रीय पटवारी मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कर चुके हैं। हालांकि, अभी तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है, जिसके चलते ग्रामीणों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
इस मामले पर जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, कंपनी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
















Leave a Reply