उत्तराखंड को केंद्र की बड़ी सौगात, SASCI योजना के तहत ₹2,355 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता मंजूर

देहरादून: केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के विकास को नई गति देने के लिए बड़ी वित्तीय सहायता प्रदान की है। “पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (SASCI) योजना” के तहत राज्य के लिए कुल ₹2,355.54 करोड़ (235554.00 लाख रुपये) के ऋण को मंजूरी दी गई है।

वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, SASCI योजना के अंतर्गत ₹71.94 करोड़ (7194.00 लाख रुपये) की सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा, इसी योजना के तहत संचालित “प्राइड ऑफ हिल्स” (पर्वतीय राज्यों के लिए विशेष विकास सहायता योजना) के अंतर्गत उत्तराखंड को ₹2,283.60 करोड़ (228360.00 लाख रुपये) की अतिरिक्त वित्तीय सहायता मंजूर की गई है।

इन दोनों स्वीकृतियों के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 में केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को इस योजना के तहत अब तक कुल ₹2,355.54 करोड़ की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। माना जा रहा है कि इस राशि का उपयोग राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास, जनहित परियोजनाओं और पूंजीगत निवेश को बढ़ावा देने में किया जाएगा।

सीएम धामी ने जताया केंद्र सरकार का आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण सहायता के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहयोग कर रही है और राज्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र से प्राप्त यह वित्तीय सहायता उत्तराखंड के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!