भाजपा घर-घर रिपोर्ट कार्ड नहीं, 12 साल के अधूरे वादों का हिसाब लेकर जाए: गणेश गोदियाल

देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र की भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “घर-घर रिपोर्ट कार्ड” अभियान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस अभियान को “आधा सच और पूरा प्रचार” बताते हुए कहा कि भाजपा को केवल अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय जनता से किए गए अधूरे वादों और विफलताओं का भी हिसाब देना चाहिए।

बुधवार को जारी एक बयान में गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। यदि उस वादे पर अमल हुआ होता तो करोड़ों युवाओं को रोजगार मिल चुका होता, लेकिन आज देश में बेरोजगारी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है और भाजपा को रोजगार के अपने वादों पर जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता को यह भी बताना चाहिए कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आखिर क्यों पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे सैनिक बाहुल्य राज्य में अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं और उनके परिवारों के मन में कई सवाल हैं, जिनका जवाब सरकार को देना चाहिए।

गणेश गोदियाल ने कहा कि “हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में सफर करेगा” जैसे बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज आम आदमी रेल और बस यात्रा के बढ़ते किराए से परेशान है। उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम योजना और 100 स्मार्ट सिटी परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के अपेक्षित परिणाम जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं देते।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का रिपोर्ट कार्ड तब तक अधूरा है जब तक उसमें बढ़ती महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा, मजदूरों की चुनौतियां और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों का जिक्र नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मंदिरों में हुई सोना चोरी जैसी घटनाओं पर भी सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए।

गोदियाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा ने बड़े-बड़े वादों और सपनों के आधार पर जनता का समर्थन हासिल किया, लेकिन आज युवा रोजगार मांग रहा है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य चाहता है, महिलाएं सुरक्षा और सम्मान की अपेक्षा कर रही हैं तथा आम जनता महंगाई से राहत चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास जवाब कम और प्रचार ज्यादा दिखाई देता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को केवल चुनिंदा उपलब्धियों का ब्योरा नहीं, बल्कि 12 वर्षों का संपूर्ण रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। जनता जानना चाहती है कि अच्छे दिनों का वादा कहां गया, रोजगार क्यों नहीं मिले, किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई और महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि देश की जनता अब केवल नारों और विज्ञापनों से संतुष्ट नहीं है। लोकतंत्र में जनता सवाल पूछती है और समय आने पर उन्हीं सवालों का जवाब भी देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *