उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन को साकार करने के लिए अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और ऊधमसिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
संयुक्त अभियान के दौरान काशीपुर में STF टीम ने एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए। पुलिस ने मौके से चार अवैध हथियार, 237 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस जब्त किए हैं।
बरामद हथियारों में एक पम्प एक्शन गन, एक सेमी ऑटोमैटिक राइफल, एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और एक रिवॉल्वर शामिल हैं। STF अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह बाहरी राज्यों से फर्जी लाइसेंस बनवाकर उत्तराखंड में हथियारों का इस्तेमाल करता था।
इस मामले में अब तक तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। STF का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही और भी खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल राज्यभर में हजारों स्थानांतरित शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि फर्जी लाइसेंस और अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए STF की यह कार्रवाई एक बड़ा कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में ऐसे अभियानों से अपराधियों पर और शिकंजा कसने की उम्मीद है।















Leave a Reply