ऋषिकेश में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: फायरिंग के बाद दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस के रुकने के संकेत को नजरअंदाज करते हुए बदमाश बैरियर को टक्कर मारकर श्यामपुर की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाश कुछ दिन पहले ऋषिकेश में हुई फायरिंग की एक घटना में वांछित चल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने दो लोगों पर गोली चलाकर उन्हें घायल किया था, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ-साथ अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

दून पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!