उत्तराखंड में SIR अभियान की शुरुआत, 8 जून से BLO घर-घर बांटेंगे गणना फार्म

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची अपडेट करने का अभियान सोमवार, 8 जून से शुरू हो रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। आगामी एक महीने के भीतर, यानी 7 जुलाई तक, बीएलओ द्वारा इन फार्मों को एकत्र कर BLO ऐप के माध्यम से डिजिटलाइज किया जाएगा।

”बुक ए कॉल” फीचर से मिलेगा लाभ
यदि कोई मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहता है, तो वह “Book a Call with BLO” फीचर का उपयोग कर सकता है। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर या ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपने बीएलओ से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक करने के दो दिन के भीतर बीएलओ मतदाता से संपर्क करेंगे।

यदि बीएलओ घर पर किसी मतदाता को नहीं पाते हैं, तो वे अधिकतम तीन बार विजिट करेंगे और घर पर स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तारीख और अपना मोबाइल नंबर लिखेंगे, ताकि मतदाता आसानी से संपर्क कर सके।

पासपोर्ट साइज फोटो रखना होगा जरूरी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म के साथ बीएलओ को दें। इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।

मतदाता सूची का शेड्यूल जारी

  • 8 जून से 7 जुलाई: घर-घर सर्वे और फार्म संग्रह
  • 14 जुलाई 2026: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
  • 14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां दर्ज
  • 14 जुलाई से 11 सितंबर: निस्तारण प्रक्रिया
  • 15 सितंबर 2026: अंतिम मतदाता सूची जारी

इसके अलावा, नए मतदाता अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन भी ECI-Net ऐप के जरिए पूरी की जा सकती है।

प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!