चारधाम यात्रा में सुरक्षा सर्वोपरि, रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित

देहरादून: चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए देहरादून पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश स्वयं ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर चारधाम यात्रा के संचालन का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। साथ ही यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात्रि 10 बजे से प्रातः 4 बजे तक चारधाम यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित की गई है। इस दौरान यात्रा पर आने वाले वाहनों को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल पार्किंग क्षेत्र में सुरक्षित रूप से पार्क कराया जा रहा है।

देहरादून पुलिस का कहना है कि रात्रिकालीन समय में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। इसी कारण दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है।

एसएसपी देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण और मित्रवत व्यवहार करते हुए उनकी हरसंभव सहायता कर रहे हैं। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं को यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सुरक्षित एवं सुचारु चारधाम यात्रा” उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के साथ यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!