विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में एक अनूठी पहल देखने को मिलेगी। उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के तत्वावधान में राज्यभर के मदरसों में “माँ के नाम एक पेड़” अभियान के तहत बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना है। साथ ही, मातृसम्मान को प्रकृति से जोड़कर समाज में जागरूकता फैलाना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी के निर्देशानुसार, सभी मदरसों में छात्र, शिक्षक और स्थानीय नागरिक मिलकर पौधारोपण करेंगे। यह कार्यक्रम न केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देगा, बल्कि नई पीढ़ी को प्रकृति के महत्व से भी जोड़ने का काम करेगा।
मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि इस्लाम सहित सभी धर्मों में प्रकृति की रक्षा को अहम माना गया है। “माँ के नाम एक पेड़” अभियान लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को मजबूत करेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों को भी सराहा गया। उनके नेतृत्व में राज्य में लगातार वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। ‘हरेला’ और ‘वन महोत्सव’ जैसे अभियानों ने प्रदेश में हरियाली बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
राज्य सरकार का “वन, जल, वायु” संरक्षण का विजन इस अभियान को और अधिक प्रेरणा देता है। मदरसा बोर्ड की यह पहल प्रदेश को स्वच्छ, हरा-भरा और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।















Leave a Reply