उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारंभ कृष्णा वट के पौधे का रोपण कर किया। यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है, जिससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। 3-बी गार्डन न केवल जैव विविधता को संरक्षित करेगा बल्कि परागण प्रक्रिया को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाएगा, जिससे कृषि और बागवानी क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।
जैव विविधता संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
उद्यान में ऐसे पौधों का रोपण किया जा रहा है जो मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों को आकर्षित करने के साथ-साथ उनके प्राकृतिक आवास को भी सुरक्षित बनाएंगे। उद्यान के आसपास कीटनाशकों और अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा ताकि प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित रह सके। इस परियोजना से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शहद उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
इन पौधों का किया जा रहा रोपण
3-बी गार्डन में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बाँस, बॉटल ब्रश, टिकामा, जीनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हमेलिया, इक्जोरा, लैंटाना, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी और पुदीना सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा उच्च हिमालयी और पर्वतीय क्षेत्रों में पाए जाने वाले बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया प्रजाति के पौधों का भी रोपण किया गया है, जो परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ा रहे हैं।
मधुमक्खी पालन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन गतिविधियों को बड़े स्तर पर विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने पर्यावरणीय संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन से जुड़े कार्यों की सराहना भी की। इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह, नरेंद्र यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।














Leave a Reply