मानसून से पहले देहरादून नगर निगम अलर्ट, एंटी-लार्वा और फॉगिंग अभियान तेज

देहरादून: बरसात के मौसम से पहले देहरादून नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मच्छर जनित बीमारियों, खासकर डेंगू की रोकथाम के लिए निगम ने एंटी-लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान को तेज कर दिया है।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी आनंद शुक्ला ने बताया कि 1 अप्रैल से फॉगिंग का कार्य जारी है, लेकिन अब मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी वार्डों में एंटी-लार्वा दवा का नियमित छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए ट्रैक्टरों की मदद ली जाएगी, जिससे पूरे शहर को कवर किया जा सके।

उन्होंने बताया कि 100 वार्डों में यह अभियान लगातार चलाया जाएगा और इसके लिए एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा रही है। साथ ही, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा भी की जाएगी।

नगर निगम का कहना है कि यह कदम डेंगू और अन्य बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए बेहद जरूरी है। अभियान की शुरुआत कल से होगी और पूरे मानसून सीजन के दौरान इसे जारी रखा जाएगा।

निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे साफ-सफाई बनाए रखें और कहीं भी पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना खत्म हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!