देहरादून: उत्तराखंड के कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री Saurabh Bahuguna ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रदेश में संचालित आईटीआई संस्थानों में छात्र संख्या बढ़ाने और प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी भर्ती सत्र को देखते हुए कौशल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अधिकारियों से कहा कि कौशल विकास विभाग की योजनाओं को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि युवा रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विभागीय योजनाओं से संबंधित होर्डिंग्स और प्रचार सामग्री लगाई जाए, जिससे छात्रों को कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी आसानी से मिल सके।
16 तारीख को होंगे तीन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन
मंत्री ने बताया कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कंपनी के सहयोग से स्थापित किए गए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन आगामी 16 तारीख को किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से छात्रों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास के अवसर मिलेंगे।
जुलाई से शुरू होंगे टाटा टेक्नोलॉजी के शॉर्ट टर्म कोर्स
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस टाटा टेक्नोलॉजी को दिए गए हैं, जहां जुलाई माह से शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों के लिए आवश्यक मशीनरी और प्रशिक्षकों की व्यवस्था टाटा कंपनी के माध्यम से की जा चुकी है।
ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग मॉडल का होगा विस्तार
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 32 आईटीआई ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (DST) मॉडल पर संचालित हो रहे हैं, जिसमें छात्र छह माह संस्थान और छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अब इस मॉडल को और विस्तार देते हुए ऐसे आईटीआई की संख्या बढ़ाकर 45 की जाएगी।
168 नए प्रशिक्षकों की होगी नियुक्ति
युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग जल्द ही 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की नियुक्ति करने जा रहा है। इससे प्रदेश के विभिन्न आईटीआई संस्थानों में प्रशिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
बैठक में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के निदेशक Sanjay Kumar, संयुक्त निदेशक Manmohan Kudiyal, उपनिदेशक Shailendra Sharma सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।













Leave a Reply