मुख्यमंत्री धामी ने छात्राओं के साथ सुना प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम, सकारात्मक बदलाव का दिया संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयासों के महत्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ आज देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक प्रभावी मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की प्रेरक कहानियों को देश के सामने लाते हैं, जिससे अन्य लोग भी समाज और राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर लगातार दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों के माध्यम से समाज में बदलाव की मिसाल बन रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने और उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मन की बात’ के ताजा संस्करण में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने देशी और पारंपरिक पेयों को अपनाने तथा आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला।

छात्राओं से किया संवाद

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं से बातचीत की और ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर उनके विचार एवं अनुभव जाने।

उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास ही बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। जब कोई व्यक्ति अच्छा कार्य करता है तो उससे प्रेरित होकर अन्य लोग भी समाज के हित में आगे आते हैं, जिससे सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ किए गए कार्य न केवल व्यक्तिगत सफलता दिलाते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।

इस अवसर पर महंत दलीप सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *