पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में रुड़की तक पहुंचीं एजेंसियां, आसफनगर की युवती से पूछताछ जारी

उत्तराखंड के रुड़की स्थित आसफनगर गांव का नाम अचानक उस समय चर्चा में आ गया, जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यहां पहुंचकर एक युवती को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि मामला संदिग्ध करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन और कथित पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़ा हुआ है। कार्रवाई के बाद गांव में दहशत और लोगों में भारी उत्सुकता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से सुबह-सुबह गांव में दबिश दी। पूछताछ के बाद एक युवती को ट्रांजिट रिमांड पर साथ ले जाया गया। जांच एजेंसियां अब युवती के बैंक खातों, कॉल डिटेल और ऑनलाइन गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं।

सूत्रों की मानें तो जांच में कुछ ऐसे वित्तीय लेनदेन सामने आए हैं, जिनका कनेक्शन संदिग्ध विदेशी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या यह मामला किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। हालांकि अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

दूसरी ओर यूपी एटीएस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार जिले से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि ये आरोपी आईएसआई के निर्देश पर भारत में स्लीपर सेल तैयार कर रहे थे और संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी।

फिलहाल पूरे मामले की जांच कई एजेंसियां मिलकर कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *