धार्मिक आयोजन तय स्थानों पर हों: मुफ़्ती शमून क़ासमी, ईद पर शांति बनाए रखने की अपील

ईद-उल-अज़हा के अवसर पर उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ़्ती शमून क़ासमी ने मुस्लिम समुदाय सहित सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश लेकर आते हैं, इसलिए सभी को मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए।

खटीमा से जारी अपने बयान में उन्होंने प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक गतिविधियां और नमाज़ केवल निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित की जानी चाहिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुफ़्ती क़ासमी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़क पर नमाज़ न पढ़ने संबंधी बयान का समर्थन करते हुए कहा कि अनुशासन और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखना सभी समुदायों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रशासन और जनता के बीच सहयोग बेहद जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि ईद-उल-अज़हा त्याग, सेवा और मानवता का प्रतीक है। ऐसे में सभी लोगों को समाज में प्रेम और सौहार्द का संदेश फैलाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *