उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक हीट वेव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर के साथ नैनीताल, चंपावत और पौड़ी के निचले क्षेत्रों में भी गर्म हवाएं चल सकती हैं।
उन्होंने कहा कि 28 मई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही दोपहर में बाहर निकलने की सलाह दी है।












Leave a Reply