खटीमा में आग का तांडव: घर और गौशाला जलकर राख, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र के बरी अंजनिया गांव में मंगलवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में एक घर और उससे सटी गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में घर का बड़ा बेटा और एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि गौशाला में रखा अनाज, भूसा और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। परिवार और ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के सामने सभी प्रयास नाकाम साबित हुए। आग बुझाने के दौरान अशोक का बड़ा बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं गौशाला में बंधी एक भैंस भी आग की चपेट में आ गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल जगदीश नगर कोठी और मनोज देवलाल ने ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश पासी और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस अग्निकांड में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *