उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर घोषित राजकीय शोक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना DIT यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भारी पड़ गया। सरकारी आदेशों की अवहेलना करने पर दून पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड शासन द्वारा मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया था। इसी क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, उत्तराखंड ने 19 मई 2026 को आदेश जारी कर राज्य के सभी शैक्षिक संस्थानों में किसी भी प्रकार के मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगाई थी।
इसके बावजूद थाना राजपुर क्षेत्र स्थित DIT यूनिवर्सिटी परिसर में 19 मई की शाम सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर दून पुलिस ने इसे सरकारी आदेशों की अवहेलना मानते हुए कार्रवाई की।
थाना राजपुर पुलिस ने DIT यूनिवर्सिटी के प्रबंधक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजकीय शोक से जुड़े शासनादेशों का पालन सभी संस्थानों के लिए अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।














Leave a Reply