पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को नम आंखों से अंतिम विदाई

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भावुक होकर पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई भी दी।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का पूरा जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास और जनसेवा में उनके योगदान को प्रदेश हमेशा याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी भूषण, भाजपा संगठन महामंत्री श्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत, मेयर श्री सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए लोगों ने उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *