पेट्रोल-डीजल की महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल, देहरादून में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। देहरादून के एस्लेहॉल चौक पर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनाव खत्म होते ही सरकार ने आम जनता पर महंगाई का बोझ डालना शुरू कर दिया है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन से लेकर खाद्य पदार्थों तक हर चीज महंगी हो रही है, जिससे आम आदमी की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा जनता भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *