जब अफसर खुद बने मिसाल: साइकिल से दफ्तर पहुंचे बंशीधर तिवारी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

देहरादून: अक्सर अधिकारी ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों से अपील करते नजर आते हैं, लेकिन उत्तराखंड शासन में अपर सचिव मुख्यमंत्री, सूचना महानिदेशक और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने खुद साइकिल चलाकर एक अलग मिसाल पेश की है।

शनिवार को बंशीधर तिवारी सहस्त्रधारा रोड स्थित अपने आवास से रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय तक साइकिल से पहुंचे। उनका यह कदम केवल दफ्तर पहुंचने का तरीका नहीं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जिम्मेदार प्रशासन का मजबूत संदेश भी माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री Narendra Modi के ऊर्जा बचत आह्वान और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देशों के क्रम में सूचना विभाग में प्रत्येक शनिवार “नो व्हीकल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी पहल के तहत बंशीधर तिवारी ने खुद इसकी शुरुआत करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल जैसे विकल्प अपनाने की अपील की। इसके साथ ही एमडीडीए में भी उनके नेतृत्व में “तेल बचाओ मुहिम” चलाई जा रही है, जिसके तहत ईंधन बचत, सीमित बिजली उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने इस पहल को केवल आदेशों और बैठकों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि खुद साइकिल चलाकर यह संदेश दिया कि बदलाव की शुरुआत हमेशा स्वयं से होती है।

देहरादून जैसे तेजी से बढ़ते शहर में, जहां ट्रैफिक और प्रदूषण बड़ी चुनौती बन चुके हैं, वहां एक वरिष्ठ अधिकारी का यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर शुरू हुई यह पहल आम लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के प्रति जागरूक करने का काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *