रुद्रप्रयाग में “सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” जागरूकता अभियान शुरू, एक माह तक चलेगा विशेष अभियान

माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों एवं माननीय जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के आदेशों के तहत जनपद में “सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” शीर्षक से विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 15 मई 2026 से आगामी एक माह तक प्रत्येक सोमवार और शनिवार को संचालित किया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर जजशिप सभागार, रुद्रप्रयाग में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता माननीय जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती नीना अग्रवाल ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती नीना अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत तथा सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि लोगों को कार्यालय आने-जाने के लिए अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, साइकिल और पैदल आवागमन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और ईंधन की बचत होगी।

उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन से सक्रिय भागीदारी की अपील भी की। कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर सिविल जज (सी.डि.)/सचिव श्रीमती पायल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुद्रप्रयाग श्री अशोक कुमार, सिविल जज (सी.डि.) श्री अमित कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सिद्धार्थ कुमार, सिविल जज (जू.डि.)/न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री विकास कुमार, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी श्रीमती ऋचा कोठियाल, सहायक अभियोजन अधिकारी श्री प्रमोद चन्द्र सहित जजशिप रुद्रप्रयाग के समस्त अभियोजन अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *