धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को उत्तराखंड का प्रमुख व्यावसायिक शिक्षा केंद्र बनाया जाएगा।
वार्षिकोत्सव में उच्च शिक्षा मंत्री ने की बड़ी घोषणाएं
पौड़ी जिले के पैठाणी स्थित राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में B.Tech, B.Ed, MBA और MCA जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को ऐसी शिक्षा देना है, जो सीधे रोजगार और उद्योगों की जरूरतों से जुड़ी हो। इससे छात्र आत्मनिर्भर बनेंगे और राज्य के विकास में अहम भूमिका निभा सकेंगे।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा महाविद्यालय
डॉ. रावत ने बताया कि महाविद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। परिसर में विभिन्न प्रयोगशालाएं विकसित की गई हैं, जबकि छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा नए ऑडिटोरियम और प्राचार्य आवास का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
उन्होंने कॉलेज में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने, ओपन जिम और प्रतीक्षालय निर्माण की भी घोषणा की।
“शौर्य दीवार” का अनावरण और पत्रिका ‘बनास’ का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने महाविद्यालय परिसर में निर्मित “शौर्य दीवार” का अनावरण किया और पेयजल टंकी का लोकार्पण भी किया। साथ ही महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘बनास’ और रसायन विज्ञान पुस्तक का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। इस दौरान छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।
पैठाणी और आसपास के गांवों में किया जनसंपर्क
अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दौरे पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने पैठाणी और आसपास के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने ग्रामीणों, व्यापारियों और युवाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास संबंधी सुझाव लिए।
इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर सामाजिक सुरक्षा, नशामुक्ति और अपराध नियंत्रण जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और गांवों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
राहु मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
डॉ. रावत ने पैठाणी स्थित राहु मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस. उनियाल, प्राचार्य डॉ. विजय अग्रवाल, यूसीएफ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, भाजपा नेता राजेन्द्र टम्टा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल समेत महाविद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।














Leave a Reply