स्वर्गाश्रम-जोंक नगर पंचायत में करोड़ों के टेंडर घोटाले का आरोप, जांच की उठी मांग

पत्रकार वार्ता में लगाए गंभीर आरोप, जान से मारने की धमकी का भी दावा

पौड़ी जनपद की नगर पंचायत स्वर्गाश्रम-जोंक एक बार फिर विवादों में आ गई है। नगर पंचायत में टेंडर प्रक्रिया के जरिए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का मामला सामने आया है। मामले को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग उठने लगी है।

ऋषिकेश में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान प्रशिक्षु अधिवक्ता शुभम झा ने नगर पंचायत पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2023 से अब तक एक ही टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से करीब पांच करोड़ रुपये का वित्तीय घपला किया गया है।

दस्तावेज दिखाकर लगाए आरोप

पत्रकारों से बातचीत के दौरान शुभम झा ने कई दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनके पास इस कथित घोटाले से जुड़े प्रमाण मौजूद हैं। उनका आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

उन्होंने कहा कि मामले को उजागर करने के बाद उन पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।

जानलेवा हमले का भी आरोप

शुभम झा ने दावा किया कि इस पूरे मामले को सार्वजनिक होने से रोकने के लिए उन पर जानलेवा हमला भी कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन पर चाकू से हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

नगर पंचायत प्रशासन ने मांगी लिखित शिकायत

मामले में जब नगर पंचायत स्वर्गाश्रम-जोंक के अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास ठोस प्रमाण हैं तो वह लिखित शिकायत दें।

उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में चर्चा का विषय बना मामला

करोड़ों रुपये के कथित घोटाले और जानलेवा हमले के आरोपों के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की नजर प्रशासन और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *