नैनीताल में अवैध होमस्टे और गेस्ट हाउस पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, एसडीएम ने चलाया छापेमारी अभियान

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास अवैध रूप से संचालित हो रहे होमस्टे और गेस्ट हाउसों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम नवाजिश खलिक के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया, जिससे होमस्टे संचालकों में हड़कंप मच गया।

तल्लीताल से मल्लीताल तक चला अभियान

प्रशासन की टीम ने तल्लीताल, मॉल रोड और मल्लीताल बाजार क्षेत्र में एक के बाद एक कई होमस्टे और गेस्ट हाउसों की जांच की। इस दौरान दस्तावेजों, रजिस्ट्रेशन और संचालन संबंधी नियमों की पड़ताल की गई।

जांच में कई होमस्टे और गेस्ट हाउस बिना आवश्यक अनुमति और नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए। प्रशासन ने ऐसे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए कुछ का चालान काटा, जबकि कई को नोटिस जारी किए गए हैं।

अवैध संचालन पर होगी सख्त कार्रवाई

एसडीएम नवाजिश खलिक ने स्पष्ट किया कि पर्यटन नगरी में अवैध रूप से चल रहे होमस्टे और गेस्ट हाउसों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन द्वारा कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान सुरक्षा, नियमों के पालन और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

होमस्टे संचालकों में मचा हड़कंप

अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से होमस्टे और गेस्ट हाउस संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई संचालक दस्तावेज पूरे करने और प्रशासन से संपर्क करने में जुटे नजर आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नैनीताल में तेजी से बढ़ रहे अवैध होमस्टे व्यवसाय के कारण प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा है। इससे नियमों के तहत संचालित प्रतिष्ठानों को भी राहत मिलेगी।

पर्यटन नगरी में नियमों पर प्रशासन सख्त

प्रशासन का कहना है कि बिना रजिस्ट्रेशन, सुरक्षा मानकों और आवश्यक अनुमति के किसी भी प्रकार का व्यावसायिक संचालन नहीं होने दिया जाएगा। आने वाले दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!