खैरासैंण में नए महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, छात्रों ने उठाईं परिवहन और सुविधाओं की मांग

रिपोर्ट: भगवान सिंह, सतपुली

उत्तराखंड में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली क्षेत्र के खैरासैंण में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण किया।

‘पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा को मिलेगी नई दिशा’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह महाविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।
उन्होंने कहा कि अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा और सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नई शिक्षा नीति के तहत आधुनिक सुविधाओं पर जोर

वहीं, धन सिंह रावत ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत प्रदेशभर में आधुनिक कक्षाएं, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी प्रतिस्पर्धी दौर में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

छात्रों ने रखीं अपनी समस्याएं

हालांकि, महाविद्यालय के छात्रों ने नई बिल्डिंग को लेकर कुछ समस्याएं भी सामने रखीं। छात्रों का कहना है कि नया महाविद्यालय सतपुली बाजार से काफी दूर स्थित है और वहां तक पहुंचने के लिए परिवहन की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है।

जंगल के रास्ते से आने-जाने की मजबूरी

छात्रों के अनुसार, उन्हें कॉलेज तक पैदल जंगल के रास्ते से जाना पड़ता है, जहां जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। इसके अलावा महाविद्यालय परिसर में अभी तक पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी कमी है।

सुविधाएं बढ़ाने की मांग

छात्रों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि कॉलेज तक परिवहन सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!