रुड़की में मजबूत हो रहा उक्रांद संगठन, कई युवाओं ने ली सदस्यता

रुड़की के आदर्श नगर में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की एक अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के विस्तार, आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा की गई। इस दौरान कई युवाओं और स्थानीय लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर उक्रांद का दामन थामा।

बैठक में उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय सचिव एडवोकेट महक सिंह सैनी और जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान मुख्य रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में उक्रांद तेजी से मजबूत हो रहा है और जनता अब एक नए राजनीतिक विकल्प की तलाश में है।

केंद्रीय सचिव महक सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस से प्रदेश की जनता निराश हो चुकी है। ऐसे में उत्तराखंड क्रांति दल लोगों की उम्मीद बनकर सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी 70 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

बैठक के दौरान पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता उमेश प्रधान को नगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने भरोसा जताया कि उमेश प्रधान संगठन को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

वहीं उमेश प्रधान ने कहा कि वह पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को उक्रांद से जोड़ने का कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *