उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती योजना के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा चलाया जा रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में आंदोलन का चौथा चरण 9 मई को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अब आंदोलन का अंतिम पांचवां चरण जून महीने में रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में आयोजित किया जाएगा।
कर्नल राम रतन नेगी ने बताया कि आंदोलन को पूरे राज्य में चरणबद्ध तरीके से चलाया गया। पहले चरण में गढ़वाल मंडल के कोटद्वार, लैंसडाउन, सतपुली, पौड़ी और श्रीनगर में प्रदर्शन हुए। दूसरे चरण में रामनगर, रानीखेत, अल्मोड़ा और हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योजना के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
तीसरे चरण में देहरादून, विकासनगर, चकराता, उत्तरकाशी और मसूरी जैसे क्षेत्रों में आंदोलन आयोजित किया गया। वहीं चौथे चरण में खटीमा, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से योजना पर पुनर्विचार की मांग उठाई गई।
कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ का कहना है कि अग्निवीर योजना युवाओं के भविष्य और सेना की स्थायी भर्ती व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। इसी मुद्दे को लेकर राज्यभर में जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है।














Leave a Reply