देहरादून में आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बसंत विहार क्षेत्र में की गई छापेमारी में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर में किराये के फ्लैट से ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित संयुक्त टीम ने ऋषि विहार कॉलोनी स्थित फ्लैट पर छापा मारा, जहां आरोपी आईपीएल मैचों पर लाइव सट्टा खिलाते मिले।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड और इंटरनेट उपकरण बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन वेबसाइटों के जरिए लोगों को जोड़कर सट्टेबाजी करवाते थे। इसके लिए यूजर आईडी और पासवर्ड उन्हें दिल्ली-गुरुग्राम में रहने वाला सुमित यादव उपलब्ध कराता था, जिसका नेटवर्क दुबई से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह करोड़ों रुपये के लेन-देन में शामिल हो सकता है। फिलहाल बैंक खातों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच की जा रही है। मामले में कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
















Leave a Reply