लोकायुक्त की मांग पर देहरादून में RRP का हल्लाबोल, भाजपा कार्यालय कूच के दौरान प्रदर्शन

देहरादून में लोकायुक्त गठन की मांग को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। शुक्रवार को सैकड़ों कार्यकर्ता नेहरू कॉलोनी स्थित फव्वारा चौक से भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर कूच करने निकले। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और लोकायुक्त गठन में देरी पर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। भाजपा प्रदेश कार्यालय जाने वाले रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग की गई, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

RRP नेताओं का आरोप है कि भाजपा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने के बाद 100 दिनों के भीतर लोकायुक्त गठन का वादा किया था। लेकिन दो बार सरकार बनने और कई साल गुजर जाने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के लिए ‘बादाम’ का गिफ्ट हैंपर भेजा। पार्टी नेताओं ने इसे सरकार की “भूली हुई याददाश्त” को ताजा करने का प्रतीक बताया।

RRP के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार को रोकने के लिए लोकायुक्त की स्थापना बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी अभियान का रूप दिया जाएगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोकायुक्त का मुद्दा आगामी चुनावों में भी बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!