‘भारत में असंगठित श्रमिकों की स्थिति’ विषय पर गोष्ठी, कविता और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन

थराली (चमोली) स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में मई दिवस के अवसर पर समाजशास्त्र विभाग के तत्वावधान में “भारत में असंगठित श्रमिकों की स्थिति” विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वैचारिक गोष्ठी के साथ-साथ कविता, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

श्रमिकों की स्थिति और श्रम संहिता पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. सौरभ कुमार टम्टा (सहायक प्राध्यापक, समाजशास्त्र, कैंपस गोपेश्वर) ने संविदा श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों पर प्रकाश डाला। सहवक्ता कमलेश गोड ने मई दिवस के महत्व और वर्तमान समय में श्रमिकों की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

वक्ताओं ने संविदा श्रमिकों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न उपाय सुझाए। वहीं, योगेश देवराड़ी और धीरेन्द्र नेगी ने नई श्रम संहिता और हालिया श्रम सुधारों पर अपने विचार साझा किए।

प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

श्रम संबंधी विषयों पर आयोजित कविता प्रतियोगिता में हिमांशी और मनमोहन ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रवीन द्वितीय और प्रदीप तृतीय स्थान पर रहे।

निबंध प्रतियोगिता में अंकित सिंह प्रथम, दीक्षा देवराड़ी द्वितीय और अनमोल जोशी तृतीय स्थान पर रहे।
पोस्टर प्रतियोगिता में इशा, निशा और रेणुका ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद, जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, ब्लॉक प्रमुख थराली राजेश चौहान, ग्राम प्रधान तलवाड़ी दीपा फरस्वाण, पीटीए अध्यक्ष संतोष रावत, भूतपूर्व छात्र कृष्णा रावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विशेष अतिथि के रूप में तलवाड़ी मुख्य बाजार की सफाई कार्मिक सगा देवी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। इसके अलावा महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक और कार्यालय कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संयोजन मोहित उप्रेती ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. ललित जोशी द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!