देहरादून-मसूरी मार्ग पर नए डबल लेन पुल का शिलान्यास, 12.17 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

देहरादून: गणेश जोशी ने मंगलवार को देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर शिव मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए स्थायी डबल लेन पुल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना पर कुल 12.17 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने पुल निर्माण की स्वीकृति के लिए पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मसूरी की लाइफलाइन बनेगा पुल

मंत्री ने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यह पुल मसूरी की “लाइफलाइन” के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

2025 की आपदा में हुआ था क्षतिग्रस्त

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान इस स्थान पर स्थित पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद आवागमन बनाए रखने के लिए वैकल्पिक रूप से वैली ब्रिज का निर्माण किया गया, जो फिलहाल उपयोग में है।

60 मीटर स्पान का आधुनिक पुल बनेगा

लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार के अनुसार, यह पुल 60 मीटर स्पान का डबल लेन स्टील बॉक्स सेतु होगा। परियोजना में पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर, 7.50 मीटर चौड़ा टू-लेन कैरिजवे, दोनों ओर 3-3 मीटर फुटपाथ, रेलिंग और क्रैश बैरियर जैसी सुरक्षा सुविधाएं शामिल होंगी।

परियोजना की कुल लागत 12.17 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है और इसे 21 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, रजत अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ज्योति कोटिया, सुन्दर सिंह कोठाल, वंदना बिष्ट, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *