वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन: मंत्री खजानदास से संयुक्त नागरिक संगठन की भेंट

देहरादून में आज संयुक्त नागरिक संगठन देहरादून के पदाधिकारियों ने समाज कल्याण मंत्री खजानदास से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण नियमावली 2011 के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग उठाई। साथ ही राज्य और जनपद स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के निवारण के लिए समितियों के गठन का सुझाव भी दिया गया।

प्रतिनिधियों ने मंत्री को वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। इस पर मंत्री खजानदास ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित सचिव और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

मंत्री खजानदास ने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुजुर्गों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि सरकार समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनती है तथा शासन, कमिश्नरियों और जिलाधिकारियों से लगातार फीडबैक लेकर समाधान सुनिश्चित करती है।

उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही वरिष्ठ नागरिकों के हितों के लिए बनाए गए अधिनियम के तहत जिला स्तर पर गठित समितियों की समीक्षा की जाएगी। इस प्रक्रिया में वरिष्ठ नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेंशन, संचार और अन्य जरूरी मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए जा सकें।

मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि पुलिस थानों, अस्पतालों, परिवहन स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक व सरकारी स्थलों पर वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता और सम्मान देने की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नागरिक समिति के गिरीश चन्द्र, नरेश चन्द्र, कुला श्री, मुकेश नारायण, महासचिव सुशील त्यागी, सचिव देवेंद्र पाल मोन्टी, अश्वनी कुमार बख्शी, खुशवीर सिंह, प्रकाश नागिया, डॉ. दिनेश सक्सेना, केशव चन्द्र उनियाल, डॉ. राकेश डंगवाल, रजनीश मित्तल, एल.आर. कोठियाल, जसवीर सिंह, ठाकुर शेर सिंह, एस.के. गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *