रुड़की पुलिस का एक्शन मोड: 24 घंटे में 4 संगीन मामलों का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रुड़की पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराध के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चोरी, फायरिंग, जानलेवा हमले और दुष्कर्म जैसे चार बड़े मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

कलियर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुलशेर नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया।

रुड़की में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना में भी पुलिस ने तेजी दिखाई। पीड़ित गुलशेर द्वारा चार लोगों पर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस टीमों ने सिर्फ 10 घंटे के भीतर मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

गंगनहर थाना क्षेत्र में महिला के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में भी पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।

वहीं, पाडली गुर्जर क्षेत्र में करीब 10 दिन पहले हुई फायरिंग की घटना का भी खुलासा कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने शोएब उर्फ बल्ली और आरिफ को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कलियर, रुड़की और गंगनहर क्षेत्र की चारों घटनाओं में पुलिस को सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

रुड़की पुलिस की इस मुस्तैदी ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!