रुड़की में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और दिल्ली प्रभारी काज़ी निज़ामुद्दीन ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कई जनहित मुद्दों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
मीडिया से बातचीत में काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि देश का किसान आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे फसलों पर असर पड़ रहा है और किसानों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने भीषण गर्मी के दौरान बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि लगातार बिजली कटौती से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार इस समस्या को नियंत्रित करने में असफल साबित हो रही है।
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कथित किल्लत को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि महंगे गैस सिलेंडर ने गरीब परिवारों और छोटे व्यापारियों, खासकर होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों की कमर तोड़ दी है।
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार बाहरी प्रभाव में काम कर रही है, जिसका असर देश की आम जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने अंत में कहा कि सरकार को जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान करना चाहिए, ताकि किसानों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।












Leave a Reply