तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और उम्मीद दोनों बढ़ा दिए हैं।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि सुबह से जारी मतगणना में पार्टी लगातार बढ़त बना रही है और कई राज्यों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से असम और पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन राज्यों में भाजपा को बड़ी सफलता मिलने के संकेत मिल रहे हैं।
पुडुचेरी में पार्टी की स्थिति मजबूत बताई जा रही है, जहां भाजपा एकतरफा बढ़त की ओर बढ़ती नजर आ रही है। वहीं, केरल और तमिलनाडु में भी भाजपा का प्रदर्शन पहले की तुलना में बेहतर बताया जा रहा है, जिसे पार्टी सकारात्मक संकेत के रूप में देख रही है।
भाजपा नेताओं का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। यही कारण है कि पार्टी को देश के विभिन्न हिस्सों में समर्थन मिल रहा है।
प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल ने भी कहा कि चुनावी रुझान स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि जनता भाजपा की नीतियों और नेतृत्व के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पार्टी और अधिक राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत करेगी।
भाजपा के अनुसार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी देशभर में अपने संगठन को सशक्त कर रही है और यही प्रयास चुनावी सफलता में भी दिखाई दे रहा है।












Leave a Reply