ऋषिकेश में पहली बार आयोजित ‘मेधावी सम्मान संगम’ कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 250 छात्र-छात्राओं को सार्वजनिक मंच से सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करना और अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित छात्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में उनके योगदान के लिए मोमेंटो प्रदान किए गए।
यह आयोजन ऋषिकेश युवा फाउंडेशन की ओर से देहरादून रोड स्थित एक वेडिंग पॉइंट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयेंद्र रमोला और संस्था के अध्यक्ष दीपक गौनियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
‘मेधावी सम्मान संगम’ में शहर के कई प्रमुख स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मान प्राप्त किया। इस मौके पर सम्मानित छात्र-छात्राएं बेहद उत्साहित और भावुक नजर आए। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मौजूद जयेंद्र रमोला और दीपक गौनियाल ने बताया कि इस पहल को आगे भी जारी रखा जाएगा। जल्द ही दूसरे चरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के टॉपर्स को भी सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छात्रों के मनोबल को ऊंचा उठाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।














Leave a Reply