रुड़की में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां एक कार चालक ने सड़क पर नियंत्रण खोते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी गाड़ी को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, एक i10 कार बीएसएम की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने एक अपाची बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी हेमंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसा यहीं नहीं थमा। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी और शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में दूसरी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मालवीय चौक के पास कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे की हालत में था। कार में एक युवती के मौजूद होने की भी जानकारी सामने आई है।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम सोरन थापा बताया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply